फोटो कैप्शन: सूर्यवंशी समाज लच्छनपुर सतगंवा परिक्षेत्र के पदाधिकारी ग्राम कोसमंदा में मुस्कान प्रधान को शाल, श्रीफल एवं सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित करते हुए।
कोसमंदा, 30 जून 2026 । लच्छनपुर सतगंवा परिक्षेत्र : सूर्यवंशी समाज लच्छनपुर सतगंवा परिक्षेत्र के अध्यक्ष एवं केंद्रीय सूर्यवंशी समाज जांजगीर-चांपा, कोरबा, सक्ती, रायगढ़ परिक्षेत्र, जोन क्रमांक–5 के उपाध्यक्ष श्री जगजीवन राम लाठिया के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने ग्राम कोसमंदा पहुंचकर समाज की बेटी कुमारी मुस्कान प्रधान एवं उनके परिवारजनों से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उनकी माताजी श्रीमती सविता बाई प्रधान, बड़े पापा श्री पतिराम प्रधान, भाई श्री सूरज प्रधान एवं श्री दीपक प्रधान से भी मुलाकात की गई।
समाज की ओर से मुस्कान प्रधान के साहस, आत्मसम्मान और दृढ़ निश्चय की सराहना करते हुए उन्हें शाल, श्रीफल एवं ₹3,000 की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में परिक्षेत्र के उपाध्यक्ष श्री बेदराम सूर्यवंशी, सलाहकार श्री कुलेश्वर करियारे, श्री जीवन सूर्यवंशी, श्री रूपलाल राज, श्री राजकुमार, कोसमंदा से श्री अगर प्रधान, श्री भरत कुमार गढ़ेवाल, श्री भोलूराम सूर्यवंशी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
सराहनीय एवं साहस का परिचय : गौरतलब है कि मुस्कान प्रधान ने अपने विवाह समारोह के दौरान वर को नशे की हालत में देखकर आत्मसम्मान को सर्वोपरि मानते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया था। उनके इस फैसले की पूरे प्रदेश में सराहना हुई और इसे महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता का सशक्त उदाहरण माना गया।
इस अवसर पर श्री जगजीवन राम लाठिया ने कहा कि समाज की बेटियों का सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मसम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुस्कान प्रधान ने जिस साहस, विवेक और आत्मविश्वास का परिचय दिया है, वह समाज की प्रत्येक बेटी के लिए प्रेरणास्रोत है तथा ऐसे निर्णय समाज में सकारात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुस्कान प्रधान को नशा मुक्ति अभियान का यूथ आइकन बनाए जाने तथा महिला परिवार परामर्श केंद्र में मानदेय के साथ जिम्मेदारी सौंपने के निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक संदेश जाएगा।
अंत में सूर्यवंशी समाज लच्छनपुर सतगंवा परिक्षेत्र ने मुस्कान प्रधान के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षा, महिला सम्मान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्त समाज और समाजहित के रचनात्मक कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई ।

